पेड़ दिन में ऑक्सीजन देते हैं तो रात को कार्बन डाइऑक्साइड क्यों देते हैं

में

द्वारा

Why plants give oxygen at daytime but carbon dioxide at night : आपने यह सुना या पढ़ा होगा के पेड़ हमें ऑक्सीजन देते हैं लेकिन यह भी सुना होगा की पेड़-पौधे रात में कार्बन डाइऑक्साइड छोड़ते हैं। शायद आपके दिमाग में कभी यह सवाल आया हो कि यदि पेड़ हमें ऑक्सीजन देते हैं, तो फिर रात को ऐसा क्या हो जाता है की वही पेड़ कार्बन डाइऑक्साइड छोड़ने लगते हैं। इस पोस्ट में मैं इसका वैज्ञानिक कारण (scientific reason) बहुत सरल और अच्छी तरह से बताने वाला हूं।

पेड़ की प्रकाश संश्लेषण और श्वसन क्रिया

पेड़ पौधे पर्यावरण का और हमारे जीवन का एक अमूल्य अंग हैं। इनके बिना पृथ्वी पर जीवन की कल्पना नहीं की जा सकती। यह हमें ऑक्सीजन भी देते हैं और हमें भोजन भी देते हैं। यह समझने के लिए कि पेड़ रात में ऑक्सीजन क्यों नहीं देते, हमें दो प्रक्रियाओं को समझना होगा। पहली है प्रकाश संश्लेषण (photosynthesis) और दूसरी है श्वसन (respiration)। इनमें श्वसन ऐसी क्रिया है जो सभी जीवो में होती है, जबकि प्रकाश संश्लेषण केवल पेड़ पौधों में होता है।

प्रकाश संश्लेषण की क्रिया (Photosynthesis)

मनुष्य और अन्य सभी जीव जंतु अपने भोजन के लिए दूसरे जीवों पर और पेड़ पौधों पर निर्भर रहते हैं। जबकि यह पेड़ अपना भोजन सिर्फ हवा पानी और सूर्य के प्रकाश (sunlight) की सहायता से खुद बना लेते हैं।

पेड़ पौधों द्वारा प्रकाश की उपस्थिति में, पानी और कार्बन डाइऑक्साइड (Carbon dioxide) की सहायता से भोजन के निर्माण की प्रक्रिया को ही प्रकाश संश्लेषण कहते हैं। पेड़ों के हरे रंग के भाग या हरी पत्तियों में मौजूद क्लोरोफिल (chlorophyll) के कारण यह संभव हो पाता है।

प्रकाश संश्लेषण क्रिया द्वारा भोजन बनाने के लिए पेड़ अपनी जड़ों की सहायता से जमीन से पानी खींचते हैं और पत्तियों में बने छोटे-छोटे रोम छिद्रों (stomata) की सहायता से हवा से कार्बन डाइऑक्साइड लेते हैं। सूर्य के प्रकाश और क्लोरोफिल की मदद से पानी और कार्बन डाइऑक्साइड की रासायनिक क्रिया द्वारा ग्लूकोज (glucose) और ऑक्सीजन का निर्माण होता है। ग्लूकोज को पेड़ पौधे अपने भोजन के रूप में प्रयोग करते हैं और ऑक्सीजन (oxygen) को अपनी पत्तियों में बने रोम छिद्रों से बाहर निकाल देते हैं।

इस तरह प्रकाश संश्लेषण ही वह क्रिया है जिसकी वजह से पौधे कार्बन डाइऑक्साइड ग्रहण करते हैं और ऑक्सीजन देते हैं।

श्वसन क्रिया (Respiration)

प्रकाश संश्लेषण के अलावा पौधों में ऑक्सीजन और कार्बन डाइऑक्साइड से जुड़ी हुई एक क्रिया और चल रही होती है, वह है श्वसन क्रिया। मनुष्य, पेड़-पौधे और अन्य सभी जीवों में श्वसन क्रिया (respiration) होती है। मनुष्य का सांस लेना (breathing) और सांस के द्वारा अंदर ली गई ऑक्सीजन की सहायता से भोजन के ग्लूकोज में बदलने की क्रिया को श्वसन कहते हैं। यह क्रिया सिर्फ मनुष्य ही नहीं अन्य सभी जीवों और पेड़ पौधों में भी होती है। श्वसन क्रिया में जीव ऑक्सीजन ग्रहण करते हैं और कार्बन-डाइऑक्साइड छोड़ते हैं।

इस तरह आप समझ सकते हैं कि श्वसन क्रिया के कारण पेड़ ऑक्सीजन ग्रहण करते हैं और कार्बन डाइऑक्साइड बाहर छोड़ते हैं।

पेड़ों के ऑक्सीजन देने पर दिन और रात का असर

जैसा की अभी हमने समझा है के पेड़ पौधों में ऑक्सीजन और कार्बन डाइऑक्साइड से जुड़ी हुई दो प्रक्रियाएं होती है।

  • एक प्रकाश संश्लेषण क्रिया जिसमें पौधे कार्बन डाइऑक्साइड ग्रहण करते हैं और ऑक्सीजन छोड़ते हैं।
  • दूसरी श्वसन क्रिया जिसमें पौधे ऑक्सीजन ग्रहण करते हैं और कार्बन डाइऑक्साइड छोड़ते हैं।

दिन में क्या होता है

दिन के समय पेड़ों से प्रकाश संश्लेषण की क्रिया के कारण ऑक्सीजन निकलती रहती है और वह कार्बन डाइऑक्साइड ग्रहण करते रहते हैं। लेकिन साथ-साथ श्वसन क्रिया के कारण उन्हीं पेड़ों से कार्बन डाइऑक्साइड निकलती रहती है और वह ऑक्सीजन ग्रहण करते रहते हैं। होता यह है कि पेड़ों द्वारा प्रकाश संश्लेषण में बाहर निकली ऑक्सीजन उनके द्वारा श्वसन क्रिया में ली गई ऑक्सीजन से ज्यादा होती है। इसलिए कुल मिलाकर पेड़ कार्बन डाइऑक्साइड ले रहे होते हैं और हमें ऑक्सीजन दे रहे होते हैं।

रात में क्या होता है

रात में पेड़ों में प्रकाश संश्लेषण की प्रक्रिया बंद हो जाती है लेकिन श्वसन क्रिया चलती रहती है। क्योंकि हमने आपको ऊपर बताया है कि प्रकाश संश्लेषण की प्रक्रिया प्रकाश की उपस्थिति में होती है। श्वसन क्रिया के कारण पेड़ दिन की ही तरह ऑक्सीजन ग्रहण करके कार्बन डाइऑक्साइड तो छोड़ते रहते हैं लेकिन प्रकाश संश्लेषण ना होने के कारण कार्बन डाइऑक्साइड ग्रहण करके ऑक्सीजन छोड़ने की प्रक्रिया बंद हो जाती है।

गौर करें कि ऐसा नहीं है कि दिन में पेड़ ऑक्सीजन नहीं लेते और कार्बन डाइऑक्साइड नहीं छोड़ते। पेड़ और अन्य सभी जीव अपनी सांस लेने की प्रक्रिया में हर समय ऑक्सीजन ग्रहण करके कार्बन डाइऑक्साइड छोड़ते रहते हैं। अंतर यह है कि दिन के समय पेड़ पौधे सांस लेने में जितनी ऑक्सीजन ग्रहण करते हैं वह प्रकाश संश्लेषण में उससे ज्यादा ऑक्सीजन हमें दे देते हैं। जबकि रात में प्रकाश संश्लेषण ना होने के कारण वह ऑक्सीजन देना बंद कर देते हैं।


FAQ : अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न

क्या प्रकाश संश्लेषण सिर्फ सूर्य के प्रकाश से होता है?

नहीं, ऐसा नहीं है कि प्रकाश संश्लेषण (photosynthesis) सिर्फ सूर्य के प्रकाश की उपस्थिति में हो सकता है। कृत्रिम प्रकाश (artificial light) की उपस्थिति में भी प्रकाश संश्लेषण की क्रिया हो सकती है, यदि प्रकाश अनुकूल तरंगधैर्य (wavelength) वाला हो।

पेड़ रात में ऑक्सीजन क्यों नहीं देते?

पेड़ पौधों के अंदर प्रकाश संश्लेषण की क्रिया होती है। जिसमें वह सूर्य के प्रकाश की उपस्थिति में पानी और कार्बन डाइऑक्साइड से क्लोरोफिल की सहायता से ग्लूकोज का निर्माण करते हैं। इसी प्रक्रिया में पौधे ऑक्सीजन छोड़ते हैं। प्रकाश संश्लेषण की प्रक्रिया प्रकाश की उपस्थिति के बिना संभव नहीं है। इसीलिए रात में पौधे ऑक्सीजन नहीं देते।

पेड़ रात में कार्बन डाइऑक्साइड क्यों छोड़ते हैं?

पेड़ों में भी हमारी ही तरह श्वसन क्रिया होती है। या यूं समझिए कि पेड़ पौधे भी हमारी तरह सांस लेते रहते हैं। सांस लेने की इस प्रक्रिया में ही पेड़ ऑक्सीजन ग्रहण करते हैं और कार्बन डाइऑक्साइड छोड़ते हैं। यह दिन और रात हर समय होता है। यदि आप पेड़ों के कार्बन डाइऑक्साइड या ऑक्सीजन छोड़ने पर दिन और रात का अंतर समझना चाहते हैं ,तो हमारा यह पोस्ट पूरा पढ़ सकते हैं।


0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Inline Feedbacks
View all comments
0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x