देश में मिला मंकीपॉक्स का पहला मामला, 12 जुलाई को UAE से लौटा शख्स पॉजिटिव

कोरोना के बाद अब मंकीपॉक्स (monkeypox) ने भी भारत में दस्तक दे दी है। भारत में केरल में मंकीपॉक्स का पहला मामला सामने आया है।

न्यूज़ एजेंसी ANI को केरल के स्वास्थ्य मंत्री वीणा जॉर्ज ने बताया कि पीड़ित शख्स कुछ दिन पहले ही UAE गया था। वह 12 जुलाई को वहां से लौटा है। वहां से लौटने के बाद शख्स में मंकीपॉक्स के लक्षण दिखे। जब टेस्ट कराया गया तो वह पॉजिटिव निकला। पॉजिटिव व्यक्ति के नजदीकी संपर्कों की जांच की जा रही है। जिनमें उनकी मां, पिता, एक ऑटो वाला, एक टैक्सी वाला और उनके बगल की सीटों के 11 सहयात्री शामिल हैं।

सरकार ने मई में इसको लेकर दिशा-निर्देश जारी किए थे। केंद्र सरकार ने राज्य की सहायता के लिए टीम भेजी है, जिसने राष्ट्रीय रोग नियंत्रण केंद्र के विशेषज्ञ शामिल हैं।

मंकीपॉक्स एक वायरस (virus) है। यह पश्चिमी और मध्य अफ्रीकन देशों में पाया जाता है। मई की शुरुआत में मंकीपॉक्स के मामले अफ्रीकन देशों के बाहर भी देखने को मिले। ज्यादातर मामले पश्चिमी यूरोप में सामने आए हैं। पुर्तगाल, स्पेन और यूनाइटेड किंगडम में इसके मामले रिपोर्ट किए गए हैं। हालांकि WHO ने कुछ ही दिन पहले एक बैठक में कहा था कि मंकीपॉक्स फिलहाल अंतरराष्ट्रीय चिंता का विषय नहीं है।

मंकीपॉक्स में शरीर पर चकत्ते

मंकीपॉक्स वायरस हल्के बुखार और शरीर पर चकत्ते के लक्षण के साथ सामने आता है। यह आमतौर पर बहुत गंभीर नहीं होता। इसके दो प्रकार बताए गए हैं जिनमें एक कांगो स्ट्रेन गंभीर है। मंकीपॉक्स के कांगो स्ट्रेन में 10% तक रोगियों की मृत्यु हो जाती है। जबकि पश्चिम अफ्रीकी नस्ल की मृत्यु दर लगभग 1% है।

0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x